रायपुर/ छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) की अव्यवस्थाओं को लेकर अब राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। 27 मई को सुबह 11 बजे रायपुर के RTO कार्यालय (रावाभाठा-भनपुरी, बंजारी माता मंदिर के सामने) कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में एक बड़ा घेराव प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों की भी भागीदारी तय मानी जा रही है।
सिर्फ 10% गाड़ियों में ही नंबर प्लेट लग पाई – कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि रायपुर जिले के करीब 10 लाख वाहनों में से अब तक केवल 10 प्रतिशत वाहन ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से लैस हो पाए हैं। जबकि पूरे राज्य में लगभग 40 लाख वाहनों में HSRP लगाई जानी है। लोगों को प्लेट न मिलने के बावजूद चालान का डर सता रहा है, जिससे आम जनता में भारी असंतोष है।
कांग्रेस की प्रमुख शिकायतें और मांगे
कांग्रेस ने HSRP लागू करने की प्रक्रिया को पूर्णतः अव्यवस्थित बताया है और निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
-
नंबर प्लेट लगाने वाले केंद्रों में सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी अनिवार्य की जाए।
-
कवर की जबरन बिक्री पर तत्काल रोक लगे।
-
प्लेट की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
-
चालान की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगे।
-
नागरिकों के साथ शिष्ट व्यवहार किया जाए।
विकास उपाध्याय ने जताई नाराजगी
पूर्व AICC राष्ट्रीय सचिव और रायपुर पश्चिम से विधायक रहे विकास उपाध्याय ने इस मामले में तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“परिवहन विभाग की लापरवाही का खामियाजा सीधे आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सरकार को तत्काल व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।”
शादी के बाद छुट्टी बढ़ाना पड़ा महंगा, इतने सालों बाद हाईकोर्ट से मिली नौकरी वापस…
जनता से कांग्रेस की अपील: आवाज़ उठाओ, अधिकार पाओ
कांग्रेस ने सभी वाहन मालिकों और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहित प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार को अव्यवस्था के खिलाफ कठोर संदेश दें।
दिनांक: 27 मई, समय: प्रातः 11 बजे, स्थान: रायपुर RTO कार्यालय