दुर्ग– दुर्ग नगर निगम चुनाव में आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन कुल 51 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद अब 60 वार्डों में 228 उम्मीदवार पार्षद पद के लिए चुनावी मैदान में बचे हैं। वहीं, महापौर पद के लिए केवल दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
कई प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस
आज नामांकन वापसी के अंतिम दिन 47 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया, जबकि इससे पहले 4 उम्मीदवारों ने नामांकन रद्द कर दिया था। नाम वापसी के बाद अब उम्मीदवारों को आधिकारिक चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
इन प्रमुख वार्डों से प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया
- वार्ड 2: चमेली बाई, हरीश सिन्हा
- वार्ड 7: आनंद ताम्रकार, सूर्य नारायण साहू, दीपेन्द्र देशमुख
- वार्ड 8: तबरेज खान, विल्सन डिसूजा, मो. नियाज खान, नासिर हुसैन
- वार्ड 12: रक्षंदा जामुलकर, चंद्रप्रकाश मेश्राम, रविंद्र महाजन
- वार्ड 23: हरीश साहू, विनोद कुमार, नंदा साहू, विजय जलकारे
- वार्ड 45: जगदीश शर्मा, आयुष शर्मा
- वार्ड 52: पीतांबर साहू, ऐमन साहू, खिलेन्द्र साहू
- वार्ड 58: दिलेश्वरी साहू, केसरी विश्वकर्मा, रूपेश्वरी
कांग्रेस को बड़ा झटका, वार्ड 36 में प्रत्याशी नहीं
चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बी फार्म में त्रुटि के कारण वार्ड 36 में कांग्रेस अब निर्दलीय प्रत्याशी के सहारे है। यहां कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिमा गुप्ता को निर्दलीय मानते हुए सिलाई मशीन चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। पहले इस वार्ड में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला था, लेकिन अब भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर होगी।
चुनाव प्रचार तेज, सभी पार्टियां मैदान में
नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव प्रचार ने गति पकड़ ली है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान चला रहे हैं। आगामी चुनाव के लिए मतदाता 5 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।