पुलिस हिरासत से हत्या का आरोपी फरार, प्रशासन में मचा हड़कंप! शौच का बहाना बनाकर भागा आरोपी…

35

बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हत्या का एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह वाड्रफनगर पुलिस चौकी में बंद आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और जैसे ही मौका मिला, वह जंगल की ओर भाग निकला। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

कैसे फरार हुआ हत्या का आरोपी?

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान संजय खैरबार के रूप में हुई है, जो बलरामपुर जिले के ग्राम कोटराही का निवासी है। उसने बीते बुधवार रात अपने पड़ोसी व्यापारी ओमप्रकाश कुशवाहा की हत्या कर दी थी। संजय ने डंडे से वार कर ओमप्रकाश को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया था।

रंजिश बनी हत्या की वजह

पूछताछ में संजय खैरबार ने हत्या की वजह बताई कि ओमप्रकाश कुशवाहा के परिवार ने एक साल पहले उसके खिलाफ चोरी की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से गांव में उसे “चोर” कहकर ताना मारा जाता था। इसी अपमान की आग में जलते हुए संजय ने हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दे दिया।

पुलिस हिरासत से कैसे भागा आरोपी?

शुक्रवार सुबह संजय ने शौच जाने का बहाना बनाकर पुलिस जवानों को गुमराह किया और चौकी के पास जंगल की ओर चला गया। लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर पुलिस को शक हुआ। जब उसकी तलाश की गई, तो वह मौके से फरार हो चुका था।

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

हत्या जैसे संगीन मामले में गिरफ्तार आरोपी की इतनी आसानी से फरारी पुलिस की बड़ी लापरवाही को उजागर करती है। सवाल यह उठ रहा है कि पुलिस हिरासत में रहते हुए आरोपी को इतनी छूट कैसे दी गई कि वह भागने में सफल हो गया?

पुलिस की कार्रवाई जारी

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने सभी नजदीकी थानों को अलर्ट कर दिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here