हापुड़। उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। संपत्ति विवाद के चलते दो सौतेले बेटों ने अपनी मां के साथ मिलकर सौतेले पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
मृतक की पहचान नया गांव निवासी सजय वाल्मीकि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चार साल पहले उनकी पहली पत्नी की कैंसर से मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी शादी अमरोहा की नन्ही से की थी। हालांकि, उनके बच्चे इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे।
कुछ दिनों पहले नन्ही के दोनों बेटे सोनित और मोहित सजय के घर रहने आ गए। इसी दौरान संपत्ति को लेकर विवाद हुआ, जिसमें दोनों सौतेले बेटों ने अपनी मां नन्ही के साथ मिलकर सजय की हत्या कर दी।
हत्या की साजिश और वारदात
सोमवार को जब सजय की पत्नी नन्ही और सौतेले बेटे सोनित और मोहित घर पर थे, तभी संपत्ति के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान मोहित ने अपने सौतेले पिता से जायदाद में हिस्सा मांगा, लेकिन जब सजय ने इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आकर नन्ही ने सजय को धक्का दे दिया, जिससे वह खाट पर गिर गया। इसके बाद सोनित और मोहित ने डंडे और ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे सजय की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच और गिरफ्तारियां
गढ़ सर्किल की सीओ स्तुति सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी मोहित को मस्तराम कुटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल डंडा और ईंट बरामद की गई है।
फिलहाल, पुलिस अन्य आरोपियों सोनित और उनकी मां नन्ही की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।