दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में धर्मांतरण के आरोपों के बाद जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि अयोध्या नगर कॉलोनी में एक मकान में ईसाई धर्म के प्रचार के दौरान धर्मांतरण कराया जा रहा था। जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिली, तो वे मौके पर पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बवाल
- प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी गई।
- प्रदर्शनकारियों ने मकान पर गोबर और पत्थर फेंके।
- अमलेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने संभाला मामला
- पुलिस की समझाइश के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता शांत हुए।
- पुलिस ने मकान में मौजूद पादरी सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया।
- भीड़ ने घर में मौजूद हिंदू लोगों पर धर्मांतरण का आरोप लगाया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
FIR दर्ज, 3 लोगों पर कार्रवाई
वार्ड की निवासी मीनाक्षी शर्मा (46 वर्ष) ने अमलेश्वर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. विनय साहू के घर पर ईसाई धर्म प्रचार के नाम पर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान कर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
दर्ज हुए मामले
- पुलिस ने डॉ. विनय साहू, कृष्णकांत कुर्रे और ढाल सिंह साहू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 299, 3 (5) BNS और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत FIR दर्ज कर ली है।
- पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।