कांग्रेस को बड़ा झटका: वरिष्ठ नेता ने पार्टी छोड़ी, कई कार्यकर्ता भी साथ…

33
कांग्रेस को बड़ा झटका: वरिष्ठ नेता ने पार्टी छोड़ी, कई कार्यकर्ता भी साथ...

तीन दशक पुराना नाता टूटा, कांग्रेस में गुटबाजी के लगाए आरोप

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। मोहला-मानपुर जिले के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने 31 जनवरी को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। तीन दशक से अधिक समय तक पार्टी से जुड़े रहने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया। उनके साथ कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

टिकट न मिलने से नाराजगी, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

अनिल मानिकपुरी ने अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए टिकट न मिलने पर असंतोष जताया था। उन्होंने पहले ही निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया था। आज राजनांदगांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कांग्रेस छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी और उपेक्षा के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “विधायक के करीबी लोगों को ही महत्व दिया जा रहा है।”

जनता के फैसले पर भरोसा

इस्तीफे की घोषणा करते हुए अनिल मानिकपुरी ने कहा, “अब मैं जनता के बीच हूं, जनता तय करेगी कि मुझे किसे समर्थन देना चाहिए।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं होंगे और निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

36 साल तक कांग्रेस से जुड़े रहे, पार्टी के लिए निभाई अहम भूमिका

अनिल मानिकपुरी ने कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने कई चुनावी सफलताएं हासिल की थीं। अब उनके पार्टी छोड़ने से कांग्रेस की पकड़ कमजोर हो सकती है।

कांग्रेस ने बीजेपी की मेयर प्रत्याशी के जाति प्रमाणपत्र को बताया फर्जी, चुनाव आयोग से इस बात पर रखी मांग…

भाजपा को मिल सकता है फायदा?

राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, इस घटनाक्रम से अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला बनने की संभावना है। भाजपा पिछले 15 वर्षों से इस क्षेत्र में सत्ता से बाहर रही है, लेकिन अब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़ने से उसे नया अवसर मिल सकता है।

इन नेताओं ने भी छोड़ी कांग्रेस

अनिल मानिकपुरी के अलावा इस्तीफा देने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनीष बंसोड़, महामंत्री शमीमुद्दीन कुरैशी, जिला कांग्रेस सचिव तुरित कुमार तिवारी, पूर्व पार्षद जयलाल सिन्हा, महिला कांग्रेस सचिव रेहाना बेगम सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

अब देखना होगा कि आगामी नगर पंचायत चुनाव में यह बदलाव किसके पक्ष में जाता है और कांग्रेस इस झटके से कैसे उबरती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here