कांकेर (छत्तीसगढ़) : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार सुबह भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें एक महिला माओवादी मारी गई। यह एनकाउंटर छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अमाटोला और कालपर गांवों के बीच घने पहाड़ी जंगलों में हुआ। माओवादियों की ओर से भारी गोलीबारी की खबर है और सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली को मार गिराया है।
कहां हुई मुठभेड़?
यह ऑपरेशन माड़ क्षेत्र में चलाया गया, जिसे नक्सलियों का गढ़ माना जाता है। इसी क्षेत्र से माओवादी गतिविधियों के लिए रसद सप्लाई और लॉजिस्टिक नेटवर्क लंबे समय से संचालित होता रहा है। अमाटोला और कालपर गांवों के बीच के पहाड़ी जंगल इस तरह की घातक मुठभेड़ों के लिए कुख्यात हैं।
कैसे शुरू हुआ ऑपरेशन?
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश सिन्हा ने जानकारी दी कि जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त टीम ने माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में एक महिला माओवादी मारी गई। घटनास्थल से वर्दी में महिला का शव, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की गई।
तलाशी अभियान जारी, माओवादियों को भारी नुकसान
पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है और बीच-बीच में गोलीबारी जारी है। तलाशी अभियान जारी है, और संभावना है कि और भी माओवादी हताहत हो सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से छोटेबेठिया क्षेत्र में माओवादियों को गहरी क्षति पहुंची है।
भिलाई में दर्दनाक हादसा: गर्भवती नवविवाहिता ने की आत्महत्या, पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची….
बस्तर में चल रहे सतत अभियान का हिस्सा
यह ऑपरेशन बस्तर डिवीजन में चल रहे माओवादी विरोधी व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य माओवादियों की ताकत को कमजोर करना है। हाल ही में छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर ग्रेहाउंड्स द्वारा मरेडपल्ली में तीन वरिष्ठ माओवादी कार्यकर्ताओं को मारा गया था। कांकेर में हुआ यह ऑपरेशन उसी रणनीति का अगला कदम है।