ज़हरीला मुर्गा-भात बना पति की मौत की वजह, पत्नी ने खुद कबूला जुर्म
बलरामपुर/झारखंड | झारखंड के रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुदर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 22 वर्षीय युवक बुधनाथ सिंह की मुर्गा-भात खाने के बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि युवक की पत्नी सुनीता सिंह ने खाने में कीटनाशक मिलाकर उसकी हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी के दूसरे दिन से ही पत्नी ने जताया था असंतोष
झारखंड पुलिस के अनुसार, बुधनाथ सिंह की शादी 11 मई 2025 को बलरामपुर जिले के ग्राम विशुनपुर की सुनीता सिंह से हुई थी। लेकिन शादी के अगले ही दिन सुनीता पति के साथ रहने से इनकार कर मायके चली गई। पंचायत और समझाइश के बाद 5 जून को वह वापस ससुराल लौटी।
बाजार से लाई कीटनाशक, खाने में मिलाकर पति को उतारा मौत के घाट
14 जून को सुनीता पति के साथ बाजार गई, जहां उसने “फसल के कीड़े मारने” के बहाने कीटनाशक दवा खरीदी। उसी दिन रात के खाने में उसने मुर्गा-चावल में जहर मिला दिया, जिसे खाकर पति की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पहले सास पर लगाया आरोप, फिर पूछताछ में खुद किया खुलासा
शुरुआत में सुनीता ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अपनी सास पर हत्या का आरोप लगाया। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने कहा कि वह इस शादी से खुश नहीं थी और पति को पसंद नहीं करती थी, इसलिए यह खौफनाक कदम उठाया।
भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने बोलेरो को मारी टक्कर, 9 की मौत, शादी से लौट रहे थे लोग..
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल
मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामला अब न्यायिक प्रक्रिया में है और सुनीता को जेल भेज दिया गया है।