छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम गेरसा में बकरी चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान रैदु नागवंशी के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान और बकरी पालक था। इस हमले में उसकी मां तिलाशो बाई भी घायल हुई हैं।
नींद से जागे युवक ने किया विरोध, टांगी से कर दी गई हत्या
रैदु नागवंशी रात को खाना खाकर सो रहा था, तभी कुछ अज्ञात चोर घर में घुस आए। रैदु की अचानक नींद खुल गई और उसने चोरी का विरोध किया। इसी दौरान आरोपियों ने टांगी जैसे धारदार हथियार से रैदु और उसकी मां पर हमला कर दिया। रैदु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चोरों ने चार बकरियां चुराईं, पुलिस जांच में जुटी
हमलावर चार बकरियों को लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब रैदु का शव मिला, तो गांव में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रैदु ने अपने घर पर 40 से 50 बकरियों का पालन कर रखा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।