महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन सुहागरात से पहले फरार हो गई और साथ में लाखों के जेवर भी ले उड़ी। अब दूल्हा इंसाफ के लिए पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है।
दुल्हन ने साजिश के तहत किया गबन?
यह मामला घुघली थाना क्षेत्र के रामपुर बल्डीहा गांव का है। गांव के मनीष की शादी 7 फरवरी को कोठीभार थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। 10 फरवरी को दुल्हन ससुराल आई, लेकिन 11 फरवरी की रात उसने परिवार के लोगों की गैरमौजूदगी में घर के जेवर समेटे और फरार हो गई।
लाखों के गहने लेकर हुई गायब
पीड़ित पति के अनुसार, उसने शादी में अपनी पत्नी को ₹3.5 लाख के गहने दिए थे, जबकि उसकी बहन के ₹2.5 लाख के गहने भी उसी कमरे में रखे थे। जब घरवाले खाने-पीने की तैयारियों में व्यस्त थे, तभी दुल्हन ने मौका पाकर जेवर पार कर दिए और चुपचाप घर से निकल गई।
मायके वालों पर भी शक, पुलिस जांच में जुटी
परिवार ने दुल्हन की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब मायके वालों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। पीड़ित पति ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस पूरी साजिश में दुल्हन के मायके वाले भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।