Raipur Politics | छत्तीसगढ़ न्यूज अपडेट- अमेरिका द्वारा भारत के कुछ राज्यों को लेकर जारी ट्रैवल एडवाइजरी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मच गई है। इस एडवाइजरी में छत्तीसगढ़ को नक्सल हिंसा और सुरक्षा कारणों की वजह से सावधानी से यात्रा करने वाले राज्यों में शामिल किया गया है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया, तो वहीं भाजपा ने भी तीखा पलटवार किया।
भूपेश बघेल का तंज – “क्या यही है अमृत काल?”
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा:
“क्या यही है अमृतकाल? अमेरिका ने भारत के 6 राज्यों को यात्रा न करने की चेतावनी दी है, जिसमें हमारा छत्तीसगढ़ भी शामिल है। मोदी जी की विदेश नीति का यह कैसा असर?”
सिंहदेव ने महिला सुरक्षा को लेकर साधा निशाना
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा:
“अमेरिका ने कहा है कि भारत और खासकर छत्तीसगढ़ में महिलाएं अकेले यात्रा न करें। क्यों? क्योंकि बलात्कार, हिंसा और आतंकवाद पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि “बेटी बचाओ सिर्फ पोस्टर तक ही सीमित रहा है। गृह मंत्री को छत्तीसगढ़ आकर केवल भाषण नहीं, जमीनी हकीकत की समीक्षा करनी चाहिए।”
भाजपा का पलटवार – कांग्रेस अमेरिकी प्रोपगैंडा पर निर्भर
छत्तीसगढ़ भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा:
“लगता है कांग्रेस अब अमेरिका आधारित प्रोपेगैंडा पर राजनीति कर रही है।
राजीव भवन में अब सोरोस की पहुंच भी हो चुकी है। कांग्रेस में दम है तो वह भारत सरकार के आंकड़ों पर बहस करे।”
भाजपा ने यह भी जोड़ा कि बघेल सरकार के कार्यकाल में हर 6 घंटे में एक बलात्कार और 8 घंटे में एक हत्या होती थी।
अमेरिका की ट्रैवल एडवाइजरी में क्या कहा गया?
-
भारत के कुछ राज्यों में यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
-
छत्तीसगढ़ को नक्सल प्रभावित और असुरक्षित इलाकों में गिना गया है।
-
महिलाओं को विशेष रूप से सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
राजनीतिक विश्लेषण
-
कांग्रेस इसे मोदी सरकार की कूटनीतिक विफलता बता रही है।
-
भाजपा इसे कांग्रेस की घटिया राजनीति और भारतीय आंकड़ों से भागना करार दे रही है।