बिलासपुर/ रेलवे की कमर्शियल इंस्पेक्टर और राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी विनीता साहनी की आत्महत्या के मामले में तोरवा पुलिस ने उसके पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि पति के अवैध संबंध, बेरोजगारी और मारपीट से परेशान होकर विनीता ने अपनी जान दे दी।
रेलवे में स्पोर्ट्स कोटे से मिली थी नौकरी, 8 साल की बेटी को छोड़ गई दुनिया
विनीता साहनी मूल रूप से सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली थीं और उन्होंने 2014 में ओब्रे हेल से प्रेम विवाह किया था। वे एनई कॉलोनी में रहती थीं और रेलवे के बिलासपुर मंडल में कमर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थीं।
6 अप्रैल 2024 को उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, उस वक्त उनकी 8 साल की बेटी घर में मौजूद थी और पति ओब्रे घर से बाहर था।
पति पर गंभीर आरोप: बेरोजगार, अय्याश और हिंसक
जांच में सामने आया कि विनीता का पति ओब्रे हेल बेरोजगार और अय्याश था। विनीता ने पहले उसे बिजनेस के लिए पैसे दिए, लेकिन उसने उन्हें अय्याशी में बर्बाद कर दिया। बाद में विनीता ने जिम खोलने में मदद की, लेकिन ओब्रे ने उसे भी अनदेखा कर दिया। पुलिस को विनीता के कंधे और कोहनी पर चोट के निशान भी मिले।
अवैध संबंध बना तनाव की जड़
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ओब्रे हेल का एक अन्य महिला से अवैध संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े और मारपीट होती थी। विनीता के परिजनों ने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
ऑनलाइन ड्रग्स डीलिंग में महिला डॉक्टर गिरफ्तार, 5 लाख की कोकीन बरामद, मेडिकल समुदाय में मचा हड़कंप…
आरोपी गिरफ्तार, अपराध स्वीकार
तोरवा पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में ओब्रे हेल ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।